जनगणना 2027 : डेटा संग्रहण की दी जा रही तकनीकी जानकारी
देशव्यापी जनगणना 2027 के पहले चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गयी है
प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्लस टू प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ
सूर्यगढ़ा. देशव्यापी जनगणना 2027 के पहले चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गयी है. सोमवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के प्लस टू प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण शुरू हुआ. जिसका उद्घाटन जिला नोडल पदाधिकारी राधेश्याम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप सहित अन्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड में कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए चार बैच बनाये गये हैं. प्रत्येक बैच को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना है. 13 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर शंभू दास, त्रिपुरारी कुमार, प्रभात कमल, श्याम सुंदर पासवान, राजेश कुमार, संजीव कुमार, प्रियदर्शी कुमार व राजदेव प्रसाद द्वारा प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाना है. प्रत्येक बैच के लिए दो फील्ड ट्रेनर को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गयी है. यहां फील्ड ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षुओं को डेटा संग्रहण की तकनीकी बारीकियां समझा रही है. इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी. प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिये मकानों की स्थिति, सुविधाओं और संपत्ति से जुड़े 33 बिंदुओं की जानकारी दर्ज करेंगे. 1931 के बाद पहली बार जातिगत आंकड़े भी जुटाये जायेंगे. साथ ही सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. फरवरी-मार्च 2027 में मुख्य जनसंख्या गणना करायी जायेगी. मौके पर प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल के प्रभारी एचएम संजय कुमार सिंह, शिक्षक संजीव कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे.