अपराध नियंत्रण व क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाये रखने के लिए थानों में कराया गुंडा परेड
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देशानुसार रविवार को अपराध नियंत्रण, क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाये रखने व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से जिले के सभी थानों में ‘गुंडा परेड’ का आयोजन किया गया
सूर्यगढ़ा.
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देशानुसार रविवार को अपराध नियंत्रण, क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाये रखने व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से जिले के सभी थानों में ‘गुंडा परेड’ का आयोजन किया गया. इस दौरान चिह्नित व्यक्तियों को थाने पर उपस्थित कर उनके वर्तमान क्रियाकलापों की जानकारी ली गयी व भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं होने की सख्त हिदायत दी गयी. सूर्यगढ़ा थाना में आयोजित गुंडा परेड में चिह्नित नौ लोग शामिल हुए. थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
बड़हिया थाना में एक दर्जन से अधिक लोगों ने लगायी हाजिरी
बड़हिया.
क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और निगरानी को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को बड़हिया थाना परिसर में गुंडा परेड का आयोजन किया गया. इस दौरान थाना में दर्ज गुंडा पंजी के नामित व्यक्तियों को उपस्थित होने के लिए बुलाया गया, जहां उनके नाम-पते का भौतिक सत्यापन किया गया और उनके वर्तमान आचरण की भी जांच की गयी. परेड में बड़हिया थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से करीब एक दर्जन से अधिक दागी व्यक्ति शामिल हुए. मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने सभी को कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण जीवन जीने की सलाह दी. साथ ही यह भी बताया गया कि यदि उनका व्यवहार संतोषजनक पाया जाता है, तो गुंडा पंजी से उनका नाम हटाया भी जा सकता है. थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गयी है, ताकि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके. उन्होंने कहा कि पूर्व में आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे और फिलहाल जमानत पर रिहा व्यक्तियों को विशेष रूप से बुलाकर उन्हें सादगीपूर्ण जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. इस दौरान पुलिस ने सभी उपस्थित व्यक्तियों से आवश्यक जानकारी भी जुटाई और भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी.
अवैध या हिंसक गतिविधियों में शामिल नहीं होने का दिया निर्देश
हलसी.
थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने को लेकर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने रविवार को गुंडा परेड कराया. इस दौरान थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने क्षेत्र के अपराधियों को सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी अवैध या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों. परेड के दौरान उन्होंने अपराधियों को चेतावनी दी कि यदि किसी ने कानून की अवहेलना की या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने साफ शब्दों में असामाजिक तत्वों अपराधियों को संदेश दिया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जायेगी. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने क्षेत्र के अपराधियों को शांति बनाये रखने, कानून का पालन करने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी है, उन्होंने कहा कि इस गुंडा परेड का उद्देश्य अपराधियों को कानून के दायरे में रखने को लेकर इलाके में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है, किसी भी प्रकार से कानून का उल्लंघन करने वालों पर तत्क्षण कार्रवाई की जायेगी. इस आयोजन में क्षेत्र के कई अपराधी शामिल हुए, जिन्हें पुलिस ने विधिसम्मत तरीके से चेतावनी दी ताकि चुनाव के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रहे.