एलपीजी की कालाबाजारी रोकने को प्रशासन सख्त, गठित टीम कर रहे निरीक्षण

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति पर पड़े प्रभाव को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है

25 दिन बाद ही होगी दोबारा बुकिंग

लखीसराय

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति पर पड़े प्रभाव को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देश पर गैस की कालाबाजारी रोकने और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए कई कड़े कदम उठाये गये हैं.

प्रशासन ने जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की सदस्यता वाला एक त्रिसदस्यीय धावा दल गठित किया है. यह दल लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रखेगा. गुरुवार को जिले में आधा दर्जन स्थानों पर सघन निरीक्षण किया गया.

गैस वितरण के लिए नये नियम

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक भीड़ न लगायें. वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए भारत सरकार के निर्देशानुसार कुछ महत्वपूर्ण नियम लागू किये गये हैं. अब घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे. बुकिंग दर्ज होने के दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी. जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 5897 सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.

पीएनजी कनेक्शन के लिए हेल्पलाइन

बड़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में आईओसीएल द्वारा पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जा रही है. जो परिवार अभी तक कनेक्शन नहीं लिये हैं, वे नोडल पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8565835550 पर संपर्क कर सकते हैं.

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम

जिला प्रशासन ने गैस वितरण से जुड़ी किसी भी समस्या या कालाबाजारी की शिकायत के लिए समाहरणालय में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है. उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06346-232952 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. जिला प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि जमाखोरी में संलिप्त पाये जाने वाले वितरकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >