Lakhisarai Education: सूर्यगढ़ा (लखीसराय). प्लस टू पब्लिक हाई स्कूल, सूर्यगढ़ा में शुक्रवार को सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के उच्च विद्यालयों की विद्यालय प्रबंधन समिति की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक रामानंद मंडल ने की. बैठक में विद्यार्थियों के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालयों के बेहतर संचालन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक रामानंद मंडल, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद इजाज आलम एवं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निशा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर अतिथियों का अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और मंगलाचरण से हुई.
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
मुख्य अतिथि विधायक रामानंद मंडल ने कहा कि विद्यार्थियों का विकास केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि नैतिक शिक्षा, अनुशासन, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.
विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका बताई महत्वपूर्ण
जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, विद्यालयी संसाधनों के समुचित उपयोग तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने समिति के सदस्यों से विद्यालयों को सामुदायिक सहभागिता का मजबूत केंद्र बनाने की अपील की.
विद्यालय विकास योजना पर हुई चर्चा
बैठक में सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने भाग लिया. इस दौरान विद्यालय विकास योजना, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा में सामुदायिक भागीदारी तथा विद्यालयों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
Lakhisarai Education: कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक सरोज कुमार ने किया. इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष कुमोद कुमार, जदयू नेता प्रवीण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
