डीएम-एसपी ने प्रेस वार्ता कर आदर्श संहिता की दी जानकारी
लखीसराय. बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम मिथिलेश मिश्र व एसपी अजय कुमार ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित मंत्रणा कक्ष में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया. डीएम ने आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के संबंध आदर्श आचार संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में आयोजित किये जायेंगे. आदर्श आचार संहिता लागू होने से अब चुनाव आयोग के गाइडलाइन के तहत कार्य किया जायेगा. पहले चरण में कुल 121 सीटों पर छह नवंबर को व दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान की तिथि निर्धारित की गयी है. जिले के दोनों विधानसभा सूर्यगढ़ा व लखीसराय में प्रथम चरण में मतदान निर्धारित किया गया है.नामांकन के लिए 10 अक्तूबर को जारी होगी अधिसूचना
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में छह नवंबर को चुनाव को लेकर लखीसराय व सूर्यगढ़ा विधानसभा के लिए आगामी 10 अक्तूबर को इसके लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी. नामांकन करने की अंतिम तिथि 17 अक्तूबर रखी गयी है. 18 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी. 20 अक्तूबर नामांकन पत्रों को वापस लेने की तिथि रखी गयी है. उसी दिन उम्मीदवारी की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जायेगा. छह नवंबर को मतदान के बाद 14 नवंबर को मतगणना की जायेगी. उन्होंने कहा कि आरलाल कॉलेज से सूर्यगढ़ा विधानसभा के लिए तथा खेल भवन से लखीसराय विधानसभा के लिए इवीएम डिस्पैच सेंटर बनाया गया है. उन्होंने बताया कि निष्पक्ष चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए कोषांग का गठन किया गया है. किसी तरह के भ्रामक सूचना फैलाने वाले पर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि बिना अधिकारियों से पूछे समाचार का प्रकाश नहीं किया जाना है. उन्होंने ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जायेंगे. मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. उन्होंने मतदाताओं से अपील किया कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभायें. साथ ही, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे आदर्श आचार संहिता का पालन करें और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से बचें. जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में भाग लें. प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने भी भाग लिया और मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के उपयोग के बारे में जानकारी दी. जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के निवारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जायेगा.अब चुनाव आयोग के गाइडलाइन के तहत होगा कार्य
वहीं प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अजय कुमार ने बताया कि चुनाव की तिथि की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो गयी है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के गाइडलाइन के अनुसार कार्य किया जायेगा. उन्होंने कहा कि केंद्रीय पुलिस बल की पांच कंपनियां लखीसराय में पहुंच चुकी है. दोनों विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय पुलिस बल का फ्लैग मार्च कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जायेगा. जिसे लिए जिले में 11 चेकिंग पोस्ट बनाये गये हैं.दियारा व टाल क्षेत्र में घुड़सवारों के द्वारा होगी पेट्रोलिंग
एसपी ने बताया कि टाल व दियारा क्षेत्रों में घुड़सवारों के द्वारा पेट्रोलिंग करायी जायेगी. गंगा व अन्य नदी किनारे गांवों में नाव के माध्यम से पेट्रोलिंग की जायेगी. प्रेस वार्ता के दौरान डीडीसी सुमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, एसडीओ प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक साइबर अजीत प्रताप सिंह चौहान, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.———–
बड़हिया में चुनावी तैयारियां तेज, सीआरपीएफ जवानों ने संभाला मोर्चाबड़हिया. बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बड़हिया में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड क्षेत्र में सीआरपीएफ की कंपनियों को तैनात किया गया है. सोमवार को 135 जवानों की एक टीम प्लस टू उच्च विद्यालय, जैतपुर में पहुंची, जिसे अस्थायी आवास स्थल बनाया गया है. वहीं, दूसरी कंपनी के जवान गंगासराय विद्यालय में ठहरी है. प्रशासन ने जवानों के रहने, खाने-पीने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को पूरी तरह से सुनिश्चित कर दिया है. बीडीओ प्रतीक कुमार और थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने जवानों का स्वागत करते हुए स्थानीय सुरक्षा हालात पर चर्चा की. अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को रणनीतिक रूप से तैनात किया जायेगा. आने वाले दिनों में प्रखंड और नगर क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई जायेगी, ताकि मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा बना रहे. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पूरे मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
