दुकानदारों को दी अतिक्रमण हटाने की सख्त चेतावनी

दुकानदारों को दी अतिक्रमण हटाने की सख्त चेतावनी

बड़हिया बाजार में अवैध कब्जा को लेकर सड़क पर उतरे अधिकारी

बड़हिया

. स्थानीय बाजार की सड़कों पर दिनोंदिन बढ़ते अतिक्रमण को लेकर शनिवार की शाम को प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सड़क पर उतरकर अभियान चलाया. अंचलाधिकारी राकेश आनंद एवं थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने संयुक्त रूप से बाजार का पैदल निरीक्षण कर दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान सजाये दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गयी कि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो उनपर न केवल आर्थिक दंड लगाया जायेगा, बल्कि आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी. सीओ राकेश आनंद ने दुकानदारों से साफ शब्दों में कहा कि वे दुकानदारी अपनी सीमा के अंदर ही करें. सड़क आम जनता की सुविधा के लिए है, उस पर कब्जा करना कानूनन अपराध है. उन्होंने कहा कि कई बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बड़हिया बाजार में लगातार अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी. ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही थी, वहीं आम राहगीरों को भी सड़क पर चलना मुश्किल हो गया था. कई बार स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को अतिक्रमित सड़क के कारण चोटें भी आयी हैं. थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन का सहयोग करें और अपनी दुकानों का सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें. उन्होंने कहा कि प्रशासन व्यापार विरोधी नहीं है, लेकिन आम जनता की सुविधा के लिए व्यवस्था बनाये रखना जरूरी है. बाजार में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया. लोगों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो बाजार पूरी तरह अव्यवस्थित हो जाता. सीओ ने कहा कि यह एक दिन की कार्रवाई नहीं है. आगे भी नियमित रूप से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जायेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >