थ्रेसिंग के दौरान चिंगारी बनी आफत, 50 बीघे में लगी गेहूं की फसल जली

प्रखंड के खुटहा पश्चिमी पंचायत अंतर्गत खुटहाडीह दियारा में शनिवार को लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया

खुटहाडीह दियारा में हुई घटना बड़हिया. प्रखंड के खुटहा पश्चिमी पंचायत अंतर्गत खुटहाडीह दियारा में शनिवार को लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. थ्रेसिंग के दौरान निकली चिंगारी से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते करीब 50 बीघा में लगी गेहूं की फसल जल गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दियारा क्षेत्र में किसानों द्वारा गेहूं की मड़ाई (थ्रेसिंग) का कार्य किया जा रहा था. इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिर गयी, जिससे आग लग गयी. तेज पछुआ हवा के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें तेजी से फैलने लगीं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये और आग बुझाने में लग गये. लोगों ने ट्रैक्टर से खेतों की जुताई कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया, वहीं झाड़-फूस और अन्य स्थानीय साधनों से किसी तरह काबू पाया गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण संभव हो सका. वहीं सूचना मिलने पर बड़हिया थाना से अग्निशमन वाहन भेजा गया, लेकिन दियारा क्षेत्र में रास्ता कठिन होने के कारण छोटे अग्निशमन वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके, जिससे नुकसान और बढ़ गया. इस घटना में खुटहाडीह के किसान उपेंद्र सिंह, सहिंद्र सिंह, बगोरन सिंह, सीताराम सिंह, पंकज सिंह, संजय सिंह, रंजीत सिंह (विश्वकर्मा जी), फुलटून सिंह, विपिन सिंह, सनोज पंडित, हरिराम सिंह, मुकेश सिंह, सुधीर सिंह, अर्जुन सिंह, गोंगू यादव समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह से जल हो गयी. पीड़ित किसानों ने बताया कि इस साल की उनकी पूरी कमाई इसी फसल पर निर्भर थी, जो अब जलकर राख हो गयी है. घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है और किसानों के बीच शोक की लहर दौड़ गयी है. प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >