हलसी थाना क्षेत्र के महरथ गांव के समीप बुधवार की घटना
घायल पिता का जमुई जिला के सिकंदरा में चल रहा इलाज
मृतक शेखपुरा जिला के बरबीघा का था निवासी
हलसी. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत महरथ गांव के समीप बुधवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार पुत्र की जहां मौत हो गयी, वहीं पिता गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल पिता को जमुई जिला के सिकंदरा स्थित अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार पिता-पुत्र बरबीघा से सिकंदरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बरबीघा से सिकंदरा की ओर जा रही टैंक लॉरी द्वारा बाइक को पीछे से टक्कर मार देने की वजह से घटना घटित हो गयी, जिसमें घटनास्थल पर ही पुत्र की मौत हो गयी वही पिता का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में कराया जा रहा है. बाइक सवार की पहचान की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर निवासी गांढ़ो चौधरी व उनके 17 वर्षीय पुत्र राजेश चौधरी के रूप में की गयी, जिसमें राजेश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं गांढ़ो चौधरी घायल हैं. टक्कर मारने के बाद टैंक लॉरी के चालक द्वारा मौके पर से वाहन लेकर फरार होने की कोशिश की गयी, लेकिन मौके पर उपस्थित ग्रामीणों के सहयोग से टैंक लॉरी को पकड़ लिया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा. वहीं सूचना मिलने पर हलसी थानाध्यक्ष अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जबकि टैंक लॉरी को जब्त कर लिया गया. वहीं मौके पर उपस्थित समाजसेवी सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ मुन्नी ने बताया तेल वाहन के द्वारा ओवरटेक करने के दौरान यह घटना हुई. इस संबंध में हलसी थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी है, जबकि उसके पिता घायल हुए हैं. पुलिस ने टक्कर मारने वाली टैंक लॉरी को जब्त कर लिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
