समाज तभी बदलेगा जब युवा स्वयं बनेंगे परिवर्तन के वाहक : डीएम

समाज तभी बदलेगा जब युवा स्वयं बनेंगे परिवर्तन के वाहक : डीएम

लखीसराय. कला, संस्कृति और युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार से स्थानीय केआरके मैदान स्थित नगर भवन में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2025-26 की शुरुआत हुई. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवा प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक विविधता व सामाजिक संदेशों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर माहौल को जीवंत कर दिया. कार्यक्रम की शुरुआत जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन के स्वागत भाषण से हुई. इसके बाद जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए नशा-मुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन और सामाजिक जागरूकता जैसे मुद्दों पर महत्वपूर्ण संदेश दिए. उन्होंने कहा कि “समाज तभी बदलेगा जब युवा स्वयं परिवर्तन के वाहक बनें.” इसी क्रम में उपस्थित सभी लोगों से बाल विवाह समाप्त करने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी दिलाई गयी. महोत्सव के प्रथम दिवस में 500 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया. प्रमुख प्रतियोगिताओं में समूह लोकनृत्य, चित्रकला, वक्तृता, कहानी लेखन और कविता लेखन शामिल थीं. जिले के हर प्रखंड से आए प्रतिभागियों की उपस्थिति ने आयोजन को वास्तविक जिला-स्तरीय स्वरूप प्रदान किया. विविध आयु-समूहों व शिक्षण संस्थानों से आए कलाकारों ने रचनात्मकता, प्रतिभा और प्रतिस्पर्धी भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया. पूरे आयोजन का प्रबंधन कला, संस्कृति और युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के निर्देशन में सुव्यवस्थित तरीके से किया गया. मंच व्यवस्था, प्रतिभागी पंजीकरण, दर्शक प्रबंधन व निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित की गयी, जिससे सभी कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुए. पहले दिन की प्रतियोगिताओं के परिणाम सात दिसंबर को समापन समारोह में घोषित किए जाएंगे. वहीं दूसरे दिन वक्तृता के शेष प्रतिभागियों के प्रदर्शन के साथ समूह लोकगायन की प्रतियोगिता आयोजित होगी. महोत्सव का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा. उद्घाटन समारोह में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, ज़िला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष अरविंद पासवान, अभिनेता मोहित मट्टू, फिल्म निर्माता रविराज पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >