सूर्यगढ़ा(लखीसराय ) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट: मानिकपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर अवैध रूप से बेचे जा रहे 740 ग्राम गांजा को बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई, जिससे इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में हुई रेड
मानिकपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को 7 मई की शाम करीब 6:20 बजे सूचना मिली थी कि दुर्गा मंदिर के समीप एक युवक अपने घर से गांजे का अवैध कारोबार कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद दंडाधिकारी सह राजस्व अधिकारी जयकांत जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने जब मानिकपुर गांव निवासी दिनेश मिश्रा के पुत्र चंदन कुमार के घर पर दबिश दी, तो वहां तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की थैली में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ.
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौला, 740 ग्राम गांजा जब्त
मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगाकर जब बरामद पदार्थ की तौल की गई, तो उसका कुल वजन 740 ग्राम पाया गया. पुलिस ने तुरंत गांजे को जब्त करते हुए आरोपी चंदन कुमार को हिरासत में ले लिया. मौके पर ही सभी आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई और जब्ती सूची तैयार की गई.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के स्वलिखित बयान पर मानिकपुर थाना में कांड संख्या 63/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(सी), 20(बी)(ii) और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. गिरफ्तार युवक को पेशी के लिए लखीसराय कोर्ट भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी.
