शराब पीने के आरोप में भी 15 लोग हिरासत में, पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया सघन अभियान
लखीसराय. जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जिले के अलग-अलग स्थानों से 25 लीटर विदेशी शराब और एक लीटर देसी शराब बरामद की है. मामले में कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब पीने के आरोप में 15 अन्य लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
विदेशी व देसी शराब के साथ तस्कर दबोचे गए
उत्पाद निरीक्षक निर्मल कुमार ने बताया कि विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. किऊल थाना क्षेत्र के नदी के पास से बेगूसराय जिले के मुंगेरीलाल वार्ड नंबर 32 निवासी मोहन कुमार (पिता- देवनारायण साह) को 6.300 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया. वहीं, सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर (वार्ड नंबर 10) निवासी नीतीश कुमार (पिता- रामविलास शर्मा) और सुधांशु कुमार (पिता- नवीन सिंह) को एक बाइक पर 9 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. इसी क्षेत्र से रामविलास कुमार (पिता- श्याम सुंदर सिंह) और प्रेम कुमार (पिता- धीरेंद्र सिंह) को भी क्रमशः 5.250-5.250 लीटर विदेशी शराब के साथ हिरासत में लिया गया. इसके अलावा, बन्नूबगीचा थाना क्षेत्र के दाढ़ीसीर से शेखपुरा जिला निवासी सुशांत कुमार (पिता- अशोक प्रसाद) को एक बाइक और एक लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
शराब पीने के आरोप में 15 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने केवल तस्करों पर ही नहीं, बल्कि शराब का सेवन करने वालों पर भी नकेल कसी है. अभियान के दौरान कुल 15 लोगों को शराब पीने के जुर्म में पकड़ा गया, जिसमें चानन क्षेत्र से रंजीत बिंद, छोटू कुमार, सत्यम कुमार, मुकेश्वर यादव, मुकेश कुमार व गुड्डू बिंद. शेखपुरा खाड़पर से जयप्रकाश मिश्रा व करुणा शंकर पांडेय. टाउन थाना क्षेत्र से अजय चौधरी (संतर मुहल्ला), राजेश कुमार व कन्हैया कुमार (लाली पहाड़ी). बड़हिया क्षेत्र से रामविलास सिंह, राकेश कुमार, संतोष साव व बिट्टू कुमार को पकड़ा गया है. उत्पाद विभाग के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी 21 अभियुक्तों (छह तस्कर व 15 पियक्कड़) की मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शराब माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.