कजरा (लखीसराय). श्रीकिशुन पंचायत सरकार भवन के निर्माण स्थल को लेकर चल रहा विवाद अब पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश तक पहुंच गया है. मुखिया प्रतिनिधि अशोक पासवान ने मंत्री से मुलाकात कर आवेदन सौंपते हुए भवन का निर्माण पहाड़ की तलहटी और जंगल से सटे प्रस्तावित स्थल के बजाय पंचायत के मध्य स्थित सरकारी जमीन पर कराने की मांग की.
पंचायत के बीच सरकारी जमीन पर निर्माण की मांग
आवेदन में कहा गया है कि पंचायत के मुख्य बाजार और घनी आबादी के समीप पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है. वहां पंचायत सरकार भवन बनने से सभी गांवों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा. वहीं जंगल से सटे दुर्गम स्थान पर भवन बनने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
मंत्री ने वैकल्पिक स्थल पर प्रस्ताव भेजने को कहा
मुखिया प्रतिनिधि अशोक पासवान ने बताया कि पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने आवेदन पर गंभीरता से संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि यदि पंचायत सरकार भवन के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थल उपलब्ध है तो उसका चयन कर प्रस्ताव भेजा जाए. नए स्थल के चयन के बाद वहीं निर्माण कार्य कराया जाएगा और जंगल वाले स्थान पर भवन का निर्माण नहीं होगा.
ग्रामीणों में जगी उम्मीद
मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत सरकार भवन ऐसी जगह बनाया जाए, जहां सभी गांवों के लोगों की पहुंच आसान हो. अब जिला प्रशासन और पंचायती राज विभाग की अगली कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं. नए स्थल को मंजूरी मिलते ही लंबे समय से अटके निर्माण कार्य का रास्ता साफ होने की उम्मीद है.
ALSO READ : किऊल स्टेशन के गुड्स सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते CBI ने दबोचा, सहयोगी भी गिरफ्तार
