लखीसराय में आज से 14 अप्रैल तक सीनियर महिला डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज
शहर के केआरके हाई स्कूल मैदान में 15 दिवसीय खेल संस्कृति का भव्य माहौल बनने जा रहा है
राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में सूबे के 34 जिलों से 680 महिला खिलाड़ी लेंगी भाग, डिप्टी सीएम करेंगे उद्घाटन
लखीसराय. शहर के केआरके हाई स्कूल मैदान में 15 दिवसीय खेल संस्कृति का भव्य माहौल बनने जा रहा है, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आज यानि 31 मार्च से 14 अप्रैल 2026 तक केआरके हाई स्कूल मैदान पर 15 दिनों का राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य डे-नाइट आगाज होगा. सूबे के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा व डीएम मिथिलेश मिश्र 31 मार्च को संध्या 5 बजे डे-नाइट फुटबॉल मैच का विधिवत उद्घाटन करेंगे, जो रात्रि 9 बजे तक चलेगा. जिला फुटबॉल एसोसिएशन लखीसराय के सचिव बबलू शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि लखीसराय में पहली बार ऐतिहासिक डे-नाइट सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप होने जा रहा है, जिसमें बिहार के 34 जिलों से कुल 680 महिला खिलाड़ी भाग लेंगी. सभी महिला खिलाड़ियों के ठहरने और संपूर्ण आवासन की व्यवस्था नगर भवन लखीसराय में की गयी है, जबकि सभी ऑफिशियल के आवासन की व्यवस्था होटल रुद्राक्ष में की गयी है. उन्होंने बताया कि डे-नाइट फुटबॉल चैंपियनशिप की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. पहले दिन 31 मार्च को संध्या 5 बजे से औरंगाबाद एवं समस्तीपुर जिला फुटबॉल टीम के बीच उद्घाटन खेला जायेगा. डीएम मिथिलेश मिश्र के प्रयास से यह टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है. प्रतियोगिता को सफल बनाने में एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष सरफाज आलम सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, सचिव केदार यादव व कोशाध्यक्ष संजय कुमार लगे हुए हैं.