दो पालियों में 23 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार 809 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जिले में सोमवार से माध्यमिक वार्षिक परीक्षा 2025 शुरू होगी.

सोमवार से जिले में होगी माध्यमिक वार्षिक परीक्षा

मैट्रिक की परीक्षा को लेकर डीडीसी, एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग

जूता-मोजा के साथ परीक्षार्थियों का प्रवेश रहेगा वर्जित

लखीसराय. जिले में सोमवार से माध्यमिक वार्षिक परीक्षा 2025 शुरू होगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालित कराने के लिए प्रभारी डीएम सह डीडीसी सुमित कुमार, एसपी अजय कुमार, डीईओ यदुवंश राम, एसडीओ चंदन कुमार ने सभी केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी को संयुक्त रूप ब्रीफिंग करते हुए कहा कि जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा दो पाली में ली जायेगी. प्रथम पाली में 10 हजार 420 एवं द्वितीय पाली में 11 हजार 389 परीक्षार्थी शामिल होंगे. प्रथम पाली की परीक्षा 9:30 बजे से दोपहर 12:45 तक लिया जायेगा. वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दो बजे अपराह्न से 5:15 अपराह्न तक होगी. पिपरिया प्रखंड छोड़कर सभी प्रखंड के उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. परीक्षा उच्च न्यायालय पटना के आदेशानुसार परीक्षार्थियों की भविष्य के हित में यह आवश्यक है कि परीक्षा स्वच्छ वातावरण में कदाचारमुक्त संपन्न हो. ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन की जिम्मेवारी परीक्षा की पवित्रता बनाये रखने के लिए काफी बढ़ जाती है. कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. प्रतिनियुक्त गश्ती, दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी को भी निर्देश दिया गया है. ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ऐसा देखा गया है कि कभी-कभी गश्ती दंडाधिकारी प्रश्न पत्र पहुंचाने के बाद केंद्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण नहीं करते हैं. जो सर्वथा अवांछनीय है. वज्रगृह से परीक्षा केंद्र की दूरी एवं समय का आकलन करते हुए पूर्वाह्न 8:00 बजे से 8:45 बजे तक एवं द्वितीय पाली की परीक्षा के लिए पूर्वाहन 11:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक निकलने की व्यवस्था की जायेगी. अधिकारियों ने अपने ब्रीफिंग में कहा है कि परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थियों की प्रवेश की अनुमति नहीं है. अतः शेष बचे प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्र में रहने देने की बिल्कुल ही आवश्यकता नहीं है. किसी भी परिस्थिति में कोई प्रश्न पत्र कक्ष से बाहर नहीं जाने पाये. केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी विक्षक अथवा परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्ति शिक्षाकेत्तर सहित प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के पास परीक्षा केंद्र में मोबाइल नहीं रहना चाहिए. परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र पर प्रवेश करना वर्जित होगा. परीक्षा हॉल में एक बेंच पर दो परीक्षार्थी बैठेंगे. परीक्षा के दौरान पूर्वाह्न 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति है. वहीं दूसरी पाली में 2:00 अपराह्न तक ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश कराया जायेगा. परीक्षा आयोजन के क्रम में परीक्षा केंद्रों पर कोई परीक्षार्थी यदि प्रवेश के लिए निर्धारित समय से विलंब से पहुंचने के कारण चाहरदीवारी से कूद कर अथवा गेट पर जबरदस्ती एवं अवैध रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करता है तो यह प्रयास न केवल अवैध है बल्कि निर्धारित प्रवेश के समय पर उपस्थित न होकर विलंब से परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर जबरन एवं अवैध रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास क्रिमिनल ट्रेस की श्रेणी में आता है. कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को ध्यान में रखकर प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर एवं अन्य आवश्यक स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए निर्देश दिया गया है. ताकि कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन में बाधा डालने वाले और असामाजिक तत्वों पर कैमरे की नजर में रहे. इसके लिए फ्लेक्स बोर्ड एवं पोस्टर पर आप सीसीटीवी कैमरा के निगरानी में है परीक्षा केंद्रों पर प्रदर्शित किया जाय. उक्त परीक्षा के अवसर पर संभावित आकस्मिक विधि व्यवस्था कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. जिसका दूरभाष संख्या 06346232124 है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र परिसर के अंदर परीक्षा अवधि में मीडिया कर्मियों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित होगा. संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान सभी दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं परीक्षा से संबंधित अन्य कर्मी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >