हर स्कूल में बनेगा लीगल अवेयरनेस कॉर्नर, हेल्प बॉक्स से बच्चों को मिलेगी कानूनी मदद

Safe Childhood Campaign in Lakhisarai: अब स्कूलों में बच्चों को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि कानूनी सुरक्षा की भी जानकारी मिलेगी. लखीसराय में शुरू हुआ एक नया अभियान बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

लखीसराय से राजेश कुमार की रिपोर्ट :

बिहार के लखीसराय जिले में बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार यानी DLSA ने बड़ा फैसला लिया है. ‘सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य’ अभियान के तहत अब सरकारी और निजी स्कूलों में Legal Awareness Corner बनाये जाएंगे. साथ ही हेल्प बॉक्स लगाए जाएंगे, ताकि बच्चे किसी भी समस्या या शोषण की स्थिति में मदद मांग सकें. यह पहल NALSA की ‘जागृति स्कीम 2025’ के तहत शुरू की गई है.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन हुआ सक्रिय

लखीसराय में आयोजित जागृति यूनिट की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए. बैठक की अध्यक्षता डालसा सचिव विधानंद सागर ने की. इस दौरान जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल संरक्षण इकाई और पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे.बैठक में तय किया गया कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसके लिए पोस्टर, फ्लेक्स, ऑडियो और विजुअल माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि बच्चों और अभिभावकों तक जरूरी जानकारी पहुंच सके.

हर स्कूल में लगेगा हेल्प बॉक्स

अभियान की सबसे खास बात यह है कि अब हर स्कूल में हेल्प बॉक्स लगाने की तैयारी है. इसके जरिए बच्चे अपनी शिकायत या समस्या गोपनीय तरीके से प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे. इसके अलावा स्कूलों में Legal Awareness Corner भी बनाए जाएंगे, जहां बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी जाएगी.बैठक में POCSO Act 2012 को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों का मानना है कि बच्चों को सही समय पर कानूनी जानकारी मिलने से अपराध और शोषण की घटनाओं को रोका जा सकता है.

क्या है जागृति स्कीम 2025

NALSA की ओर से शुरू की गई ‘जागृति स्कीम 2025’ का उद्देश्य बच्चों और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम करना है. इस योजना के तहत जिला स्तर पर जागृति यूनिट बनाई गई है, जो जागरूकता, कानूनी सहायता और सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम चलाएगी.विशेषज्ञों का कहना है कि अगर स्कूल स्तर पर इस तरह की पहल प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो बच्चों के लिए सुरक्षित और जागरूक माहौल तैयार किया जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >