Lakhisarai Sadar Hospital : मंगलवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण कर रहे डीएस डॉ. कुमार अमित के सामने ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. बिजली जाते ही इमरजेंसी वार्ड के एसी और पंखे बंद हो गए. उमस भरी गर्मी के बीच मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. इमरजेंसी वार्ड में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.
गर्मी में ही मरीज का इलाज करते रहे डीएस
जनरेटर समय पर चालू नहीं होने के कारण अस्पताल उपाधीक्षक को भीषण गर्मी के बीच ही मरीज का इलाज करना पड़ा. करीब 15 से 20 मिनट बाद जनरेटर चालू किया गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी और अस्पताल की व्यवस्था सामान्य हुई.
ऑटो सिस्टम नहीं होने पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में जनरेटर के लिए ऑटो ऑन-ऑफ सिस्टम लगाने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया. इसी वजह से बिजली कटने के बाद जनरेटर तुरंत चालू नहीं हो सका. इस घटना के बाद अस्पताल में तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
एजेंसी से मांगा जाएगा जवाब
अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए जनरेटर संचालन से जुड़ी एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
सदर अस्पताल में जनरेटर संचालन को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है.
