पिपरिया में राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू करने की तैयारी पूरी, 1 जुलाई से कक्षाएं शुरू होने का रास्ता साफ

Pipariya Government Degree College: जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने पूरी की सभी तैयारियां. स्थायी भवन बनने तक वलीपुर के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में चलेगी डिग्री कॉलेज की पढ़ाई.

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Pipariya Government Degree College: लखीसराय जिले के पिपरिया में लंबे समय से प्रतीक्षित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के संचालन का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है. जिलाधिकारी के निर्देश के बाद प्रखंड प्रशासन ने कॉलेज संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. स्थायी भवन निर्माण होने तक वलीपुर गांव स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में एक जुलाई 2026 से डिग्री स्तर की कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था की गई है.

जिलाधिकारी के निर्देश पर तेज हुई तैयारी

जिलाधिकारी के पत्रांक-1425 (शिक्षा विभाग) दिनांक 27 जून 2026 के आलोक में प्रखंड प्रशासन ने कॉलेज संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं. प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋतुरंजन कुमार ने अनुपालन प्रतिवेदन और सुरक्षा व्यवस्था संबंधी रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को भेज दी है. प्रशासन का कहना है कि वर्ग संचालन शुरू करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं.

फिलहाल विद्यालय भवन में चलेगी पढ़ाई

राजकीय डिग्री महाविद्यालय का स्थायी भवन तैयार होने तक वलीपुर गांव स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में कक्षाएं संचालित होंगी. इससे पिपरिया और आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज शुरू होने से बड़ी संख्या में छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है.

सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी

Pipariya Government Degree College: कॉलेज परिसर की सुरक्षा के लिए रोस्टर के आधार पर तीन चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की गई है. गंगा विश्वकर्मा, महेंद्र पासवान और विजय पासवान को अलग-अलग समय में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं प्रखंड स्वच्छता समन्वयक को परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. महाविद्यालय के भवनों और कमरों की नंबरिंग के साथ आवश्यक समितियों और नामित व्यक्तियों का भी चिन्हांकन कर लिया गया है.

क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ

स्थानीय लोगों का मानना है कि पिपरिया में राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. इससे आर्थिक बोझ भी कम होगा और उच्च शिक्षा का दायरा ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तारित होगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक जुलाई से प्रस्तावित वर्ग संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

ALSO READ: झमाझम बारिश के बीच किसानों ने शुरू की धान के बिचड़ा गिराने की तैयारी, महंगे बीज ने बढ़ाई चिंता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >