पिकअप ने मारी ई-रिक्शा में टक्कर, सात घायल
नगर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को जगदंबा हिंदी पुस्तकालय के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी
बड़हिया थाना क्षेत्र के जगदंबा हिंदी पुस्तकालय के समीप शुक्रवार की घटना
बड़हिया. नगर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को जगदंबा हिंदी पुस्तकालय के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा 407 पिकअप वाहन भूसा खाली कर टाल क्षेत्र से लौट रहा था. इसी दौरान चालक को झपकी आ जाने की आशंका जतायी जा रही है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री बुरी तरह जख्मी हो गये. घायलों में गंगासराय निवासी अशोक राम की 40 वर्षीय पत्नी पुतुल देवी, मरांची निवासी 45 वर्षीय अभय शंकर, बड़हिया वार्ड संख्या 18 निवासी 18 वर्षीय अंकित कुमार तथा हेमजा निवासी 55 वर्षीय सुरचन सिंह, बेगूसराय निवासी 10 वर्षीय शिवानी कुमारी, जैतपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष कुमार शामिल हैं. इनमें से कई के हाथ-पैर टूटने की जानकारी मिली है. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल बड़हिया में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. जानकारी हो कि दो दिन पूर्व भी टाल क्षेत्र के दारौंक मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में कई मजदूर घायल हुए थे. लगातार हो रहे हादसों से लोगों में दहशत का माहौल है और प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठने लगी है.