सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Peace Committee Meeting: मोहर्रम पर्व को लेकर सूर्यगढ़ा में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. आगामी जुलूस, ताजिया और पहलाम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट से बचने, निर्धारित रूट और समय का पालन करने तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई. बैठक में अखाड़ा समितियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया.
मोहर्रम को लेकर प्रशासन की विशेष तैयारी
बैठक की अध्यक्षता बीडीओ मंजूल मनोहर मधुप ने की. इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर राजीव कुमार और सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
अफवाहों और भ्रामक पोस्ट से बचने की अपील
थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि किए बिना उसे साझा नहीं करें. प्रशासन सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा.
ताजिया और जुलूस के रूट पर हुई चर्चा
बैठक में विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं से ताजिया, सिपल जुलूस और पहलाम के समय एवं मार्ग की जानकारी ली गई. अधिकारियों ने सभी समितियों से निर्धारित समय-सीमा और प्रशासन द्वारा तय रूट चार्ट का पालन करने का आग्रह किया. विशेष रूप से ताजिया पहलाम समय पर संपन्न कराने का निर्देश दिया गया, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो.
आपसी समन्वय से सफल होगा पर्व
अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया. जुलूस मार्ग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने सभी पक्षों से आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की.
भाईचारे और सौहार्द का पर्व है मोहर्रम
बीडीओ मंजूल मनोहर मधुप ने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से यह पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा.
Peace Committee Meeting: इन लोगों की मौजूदगी रही
बैठक में एसआई अनिल कुमार, एएसआई पंकज कुमार, वाणिज्य संघ अध्यक्ष प्रवीण राठौर, संकल्प संगठन के संयोजक कृष्ण कुमार केडिया उर्फ पप्पू केडिया, वार्ड पार्षद अमृत भाई पटेल, रौशन कुमार झा उर्फ सुग्गा झा, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल राय, उपमुख्य पार्षद बालेश्वर सिंह, प्रमोद सिंह, मोहम्मद रिजवान राइन समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
