महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास नहीं: डीएम

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बालगुदर मोड़ स्थित संग्रहालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया

संग्रहालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय.

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बालगुदर मोड़ स्थित संग्रहालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके योगदान को सम्मानित करने तथा समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित करना था. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन डीएम मिथिलेश मिश्र, एडीएम नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा व अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया गया. कार्यक्रम के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पांडेय तथा डीएम मिथिलेश मिश्र द्वारा महिलाओं के अधिकार, उनके सशक्तिकरण तथा समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किये. डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है. उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर डीएम द्वारा उपस्थित महिला समूहों के साथ संवाद भी किया गया. संवाद के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया, जिन पर डीएम ने सकारात्मक पहल करते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया. यह संवाद कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसमें महिलाओं को अपनी बात रखने का अवसर मिला. डीएम के नेतृत्व में सभी लोग द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, साथ ही किसी भी क्षेत्र में महिलाओं के उत्पीड़न, भेदभाव, हिंसा और दमन का विरोध करने तथा हर पंचायत और गांव में जागरूकता फैलाकर महिलाओं के अधिकार, सम्मान और रोजगार के अवसरों के प्रति समाज को सचेत का शपथ लिया गया. कार्यक्रम के दौरान जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की सदस्य शोभा देवी एवं पूनम देवी ने अपने अनुभव साझा किये. उन्होंने बताया कि जीविका से जुड़कर किस प्रकार महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं. कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति ने भी सभी का मन मोह लिया. दिल्ली से आये “ द वर्ल्ड ऑफ वोमेन बैंड” द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया. बैंड के मुख्य कलाकारों में रक्षा त्रिपाठी, डॉ स्मृति बनर्जी, पूजा अरोड़ा, निशा बेनीवाल एवं आदित्य नारायण शामिल थे. कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया.

जीविका दीदी को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित किया. साथ ही विभिन्न विभागों के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया. इसमें लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, खेल विभाग आदि के अंतर्गत कार्यरत महिलाओं को सम्मानित किया गया. खेल विभाग के अंतर्गत ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, वुशु, खो-खो, जूडो एवं कराटे जैसे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को भी डीएम द्वारा सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों में कार्यरत उत्कृष्ट महिला पदाधिकारी एवं कर्मियों को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया. कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ. इस आयोजन ने महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके सशक्तिकरण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया. बड़ी संख्या में महिला समूहों, छात्राओं, अधिकारियों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया. मौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, मुखिया पंचायत जूली देवी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पांडेय, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता राज, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालीं छात्रा व महिलाएं उपस्थित थीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >