नीलाम पत्रवाद से जुड़े मामलों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं: एडीएम
नीलाम पत्रवाद (नीलाम पत्र) से संबंधित लंबित मामलों की हुई समीक्षा
लखीसरायअपर समाहर्ता नीरज कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में गुरुवार को नीलाम पत्रवाद (नीलाम पत्र) से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गयी. बैठक में अपर समाहर्ता ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सप्ताह में कम-से-कम दो बार नियमित रूप से कोर्ट का आयोजन सुनिश्चित किया जाय, ताकि लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में तेजी लायी जा सके. उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि पुराने मामलों तथा अधिक राशि से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाय, ताकि जिले में प्रशासनिक दक्षता एवं पारदर्शिता को और मजबूत किया जा सके. अपर समाहर्ता ने कहा कि नीलाम पत्रवाद से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन राजस्व प्रशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में लंबित मामलों का अद्यतन विवरण रखते हुए नियत तिथि पर कोर्ट संचालन सुनिश्चित करें. बैठक में नीलाम पत्र पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, आशुतोष कुमार, शशि कुमार, प्राची कुमारी सहित अन्य नीलाम पत्र पदाधिकारी एवं उनके पेशकार उपस्थित रहे.
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.