हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट,
धीरा पंचायत के राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मुखिया गोपाल कुमार को रविवार को प्रखंड पुस्तकालय, धीरा की ओर से सम्मानित किया गया. पुस्तकालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. समारोह की अध्यक्षता पुस्तकालय अध्यक्ष बनारसी महतो ने की, जबकि संचालन मुन्नी सिंह ने किया. मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी रहीं. विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी, भनपुरा मुखिया रंजीत कुमार उर्फ राजू पासवान और हलसी पैक्स अध्यक्ष रोहित कुमार मौजूद रहे. सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.गोपाल ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में राष्ट्रीय स्तर पर नाम किया रोशन
जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी ने कहा कि गोपाल कुमार ने पंचायत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. ऐसे जनप्रतिनिधि समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं. प्रमुख सुनीता देवी ने कहा कि यह सम्मान पूरे क्षेत्र का सम्मान है. मुखिया गोपाल कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि पंचायत की जनता के सहयोग का परिणाम है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया. मौके पर अधिवक्ता हसनाथ अहमद, पुस्तकालय सचिव अनिल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रामजतन यादव, सुरेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह संपन्न हुआ.
