प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकारी योजनाएं, भूमि विवाद और किसानों की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

लखीसराय के सैदपुरा में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभुकों को प्रमाण पत्र व सुविधाएं वितरित की गईं. मंत्री ने भूमि विवाद और किसानों की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया. यह शिविर अब हर माह के तीसरे मंगलवार को लगेगा.

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Sahyog Camp Lakhisarai: लखीसराय जिले के पिपरिया प्रखंड अंतर्गत सैदपुरा पंचायत के सैदपुरा गांव में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन जिला प्रभारी मंत्री सह ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार, विधायक रामानंद मंडल, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र और अन्य सुविधाओं का वितरण किया गया.

गोद भराई से लेकर प्रमाण-पत्र वितरण तक कई कार्यक्रम

शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया. आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच पोशाक का वितरण भी किया गया. इसके अलावा पात्र लाभुकों को जॉब कार्ड, लेबर कार्ड और जन्म प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए.

भूमि विवाद और किसानों की समस्याओं पर मंत्री का फोकस

प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि लखीसराय में भूमि विवाद एक बड़ी चुनौती है, जिसके समाधान के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है. उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया. साथ ही किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की.

हर तीसरे मंगलवार को लगेगा सहयोग शिविर

विधायक रामानंद मंडल ने कहा कि प्रत्येक माह के तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन देने की अपील की. उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा का लाभ उठाने को कहा.

स्वास्थ्य स्टॉल पर सबसे ज्यादा भीड़, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर लोगों ने योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए. स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया. शिविर में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही.

मंत्री के जाने के बाद समय से पहले सिमटा शिविर

Sahyog Camp Lakhisarai: शिविर के दौरान एक अलग तस्वीर भी सामने आई. प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों के प्रस्थान के बाद कई विभागों ने निर्धारित समय से पहले अपने स्टॉल समेटने शुरू कर दिए. जबकि शिविर शाम चार बजे तक चलना था, अधिकांश गतिविधियां दोपहर करीब ढाई बजे तक समाप्त हो गईं. शिविर में प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन का आधिकारिक ब्योरा भी सार्वजनिक नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों के बीच इसकी प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठने लगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >