लखीसराय, चानन. मननपुर बाजार से संग्रामपुर-भलुई जाने वाली सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद अब दोबारा अतिक्रमण की आशंका को लेकर अंचल प्रशासन अलर्ट हो गया है. चानन के अंचलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन की लगातार निगरानी करने और दोबारा कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
132 लोगों को घोषित किया गया था अतिक्रमणकारी
सीओ की ओर से जारी पत्र के अनुसार अंचल अतिक्रमण वाद संख्या 03/2026-27, मौजा रामपुर/इटौन के मामले में 20 जुलाई 2026 को आदेश पारित किया गया था. इस वाद में कुल 132 लोगों को चिन्हित कर अतिक्रमणकारी घोषित किया गया था.
12 और 13 अगस्त को चला था अतिक्रमण हटाओ अभियान
अनुमंडलाधिकारी, लखीसराय के आदेश पर 12 और 13 अगस्त 2026 को दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था. अभियान के दौरान सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इसके बाद सड़क से आवागमन को सुचारु रखने और सरकारी भूमि को सुरक्षित रखने की दिशा में प्रशासन ने निगरानी शुरू की.
कुछ लोगों पर फिर अतिक्रमण की कोशिश का आरोप
अंचल प्रशासन को सूचना मिली कि अतिक्रमण हटाए जाने के कुछ दिनों बाद ही कुछ लोगों द्वारा उसी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए चानन थानाध्यक्ष को तत्काल निगरानी बढ़ाने और दोबारा अतिक्रमण की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
दोबारा अतिक्रमण रोकना थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी
सीओ के पत्र में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार के विभागीय निर्देश का हवाला दिया गया है. इसमें अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी या लोक भूमि पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने की जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्ष की बताई गई है.
हाईकोर्ट के आदेश का भी दिया गया हवाला
पत्र में पटना हाईकोर्ट के सीडब्ल्यूजेसी वाद संख्या 10632/2013, सैयद असरफ आलम बनाम बिहार सरकार, में पारित आदेश का भी उल्लेख किया गया है. इसमें अतिक्रमण मुक्त भूमि पर पुनः अतिक्रमण की स्थिति में थानाध्यक्ष को सतत निगरानी रखने और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था.
132 अतिक्रमणकारियों की सूची थाने को भेजी
सीओ ने अतिक्रमणकारी घोषित किए गए 132 लोगों की सूची भी चानन थाने को भेजी है. साथ ही मननपुर बाजार से जुड़ी अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर विशेष नजर रखने को कहा गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोबारा अतिक्रमण का मामला सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
