बिजली के तार की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Lakhisarai News: लखीसराय के रामगढ़ चौक में नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने चार छोटे बच्चों को अनाथ कर दिया है, जिससे उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

Lakhisarai News: लखीसराय के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के नंदनामा गांव में नीचे लटक रहे बिजली के तार ने एक 30 वर्षीय राजमिस्त्री की जान ले ली. रात के अंधेरे में हुए इस हादसे का पता सुबह चला, जब ग्रामीणों ने सड़क पर करंट प्रवाहित होते देखा. मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है.

लटक रहे बिजली तार की आया चपेट में

परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र राम मंगलवार की रात अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गली में नीचे लटक रहे बिजली के तार के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लग गया. रात होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. बुधवार सुबह जब ग्रामीणों ने रास्ते में करंट प्रवाहित होते देखा, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

चार बच्चों के सामने खड़ा हुआ जीवनयापन का संकट

धर्मेंद्र राम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनके परिवार में पत्नी लालपरी देवी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं. पति की असमय मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि मृतक के पिता और भाई हरियाणा में मजदूरी करते हैं. घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ चौक थाना के पुलिस पदाधिकारी राजकुमार सिंह और अरविंद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

ग्रामीणों ने उठाए बिजली व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि गली में बिजली का तार लंबे समय से नीचे लटक रहा था, जिसकी शिकायत के बावजूद उसे ठीक नहीं कराया गया. ग्रामीणों ने जर्जर और लटकते बिजली के तारों को जल्द बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >