पांच माह पूर्व नाला निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा, तीन माह से सरिया लगाकर छोड़ा

Lakhisari News : नाला निर्माण कार्य शुरू होने के पांच माह बाद भी काम अधूरा पड़ा है. सड़क किनारे खोदे गये गड्ढे में पिछले तीन माह से सरिया लगाकर छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट :

तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा एवं तत्कालीन सूर्यगढ़ा विधायक की पहल पर किऊल पहुंच पथ स्थित खगौर सड़क के दोनों किनारे नाला निर्माण कराया जा रहा है. खगौर सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. नाले के पानी की निकासी के लिए खगौर स्थित बजरंगबली मंदिर से पश्चिम की ओर सेंट्रल स्कूल तक नाले का निर्माण कराया जा रहा है. यह नाला खगौर मस्जिद होते हुए मोहल्ले के दक्षिणी छोर से निकाला जा रहा है. बीच में कच्ची सड़क है और उससे सटे उत्तर की ओर लोगों के घर हैं.

खुले गड्ढे से लगातार हो रहे हादसे

नाला निर्माण के लिए 5 माह पूर्व जेसीबी से लगभग 8-9 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. 3 माह पूर्व इसे पक्का करने के लिए सरिया भी लगा दिया गया, लेकिन उसके बाद काम बंद है. खुले गड्ढे में लगे सरिये लोगों के लिए खतरे का कारण बन गए हैं.मोहल्ले के बच्चे खेलते-खेलते अक्सर गड्ढे के किनारे पहुंच जाते हैं. चरवाहे जब इस रास्ते से पशुओं को ले जाते हैं तो कई बार पशु गड्ढे में गिरकर घायल हो चुके हैं. इस रास्ते से सेंट्रल स्कूल के अभिभावक, बच्चे एवं शिक्षकों का भी आवागमन होता है. सेंट्रल स्कूल के बगल में मध्य विद्यालय एवं हाई स्कूल भी संचालित है, जहां बच्चे पैदल जाते हैं. खुले गड्ढे के कारण सभी में अनहोनी का भय बना रहता है.

बैरिकेडिंग नहीं. संवेदक बेपरवाह

गड्ढे के चारों ओर किसी तरह की बैरिकेडिंग नहीं की गई है. अब तक कई घटनाएं घट चुकी हैं, लेकिन संवेदक पर कोई असर नहीं पड़ रहा. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत अधिकारियों से की जा चुकी है.

बोले अधिकारी

इस संबंध में अंचलाधिकारी अजय राठौर ने बताया कि संवेदक को खुले गड्ढे की बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया है. निर्देश का पालन नहीं करने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >