अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट
Lakhisarai Weather Update: जिले में तापमान में गिरावट आने के बाद लोगों को तेज गर्मी से बड़ी राहत मिली है. शुक्रवार सुबह से चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया है. मौसम विभाग के अनुसार लखीसराय और आसपास के जिलों में शुक्रवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिजली कड़कने और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा.
सुबह-शाम बारिश के ज्यादा आसार
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को सुबह और शाम के समय बारिश की संभावना अधिक है. दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा. दोपहर तक अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि सुबह और रात में तापमान में और गिरावट हो सकती है.
ठंडी हवाओं से लोगों को मिली राहत
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद मौसम में आए बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली है. सुबह के समय चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोग अपने दैनिक कार्य समय पर निपटा पा रहे हैं. बाजारों और सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही सामान्य दिख रही है.
किसानों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग का कहना है कि बिजली कड़कने या वज्रपात की स्थिति में तुरंत खेतों से निकलकर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. आंधी-तूफान के कारण आम की फसल को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जतायी गयी है.
शनिवार से फिर बढ़ सकती है गर्मी
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि शनिवार 30 मई से फिर तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ सकता है. शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
मौसम में बदलाव से बढ़ी सतर्कता
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग दोनों लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं. खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गयी है.
