Lakhisarai Weather Today: लखीसराय में रविवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है. आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी और कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश या फुहार पड़ने की संभावना है. हालांकि शनिवार की तुलना में बारिश कम रहने का अनुमान है, लेकिन मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. दूसरी ओर उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. ऐसे में घर से निकलने से पहले छाता या रेनकोट साथ रखना बेहतर होगा.
मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए राहत की खबर लेकर आया है. खासकर धान की रोपनी की तैयारी कर रहे किसानों के लिए अगले दो दिनों का मौसम काफी अहम माना जा रहा है.
आज कैसा रहेगा लखीसराय का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी. कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर फुहारें भी पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि तापमान सामान्य रहने के बावजूद हवा में नमी अधिक होने से उमस बनी रहेगी.
निचले इलाकों में हल्की बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है.
सोमवार को और बढ़ सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार को बारिश की संभावना रविवार की तुलना में अधिक रहेगी. यदि अच्छी बारिश होती है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा धान की खेती कर रहे किसानों को मिलेगा. खेतों में तैयार बिचड़ों की रोपाई के लिए यह मौसम अनुकूल माना जा रहा है.
किसानों के लिए कृषि वैज्ञानिक की सलाह
कृषि विज्ञान केंद्र हलसी के वैज्ञानिक सुधीर चंद्र चौधरी ने किसानों को सलाह दी है कि जिन खेतों में पानी जमा हो गया है, वहां जुताई कर दें. इससे मिट्टी की उर्वरक क्षमता बेहतर होगी.
उन्होंने यह भी कहा कि जिन खेतों में पहले मूंग की खेती हुई थी, वहां धान की रोपाई से पहले पुराना गोबर और पुरानी राख डालकर जुताई करें और खेत को दो से तीन दिन तक छोड़ दें. इससे मिट्टी की गुणवत्ता सुधरेगी और धान की रोपाई के समय डीएपी की आवश्यकता कम पड़ेगी.
वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने रविवार को भी वज्रपात की संभावना जताई है. ऐसे में किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खेतों में काम कर रहे किसान यदि बिजली कड़कने की आवाज सुनें तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें.
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें. निचले इलाकों में रहने वाले लोग जलजमाव की संभावना को देखते हुए सतर्क रहें. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है, जिससे खेती और जल स्रोतों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
