लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट
Lakhisarai Storm Rain Damage: लखीसराय में बुधवार को दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे. पहले हल्की बूंदाबांदी और तेज बिजली चमकने का सिलसिला शुरू हुआ. इसके कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार हवाओं के साथ आंधी-तूफान आया और जोरदार बारिश शुरू हो गई. मौसम के अचानक बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया.
सड़कों पर गिरे पेड़ और उड़ गए छप्पर
तेज हवाओं का असर जिले के कई हिस्सों में देखने को मिला. विद्यापीठ चौक, सूर्यगढ़ा रोड और बड़हिया रोड पर कई फूस के छप्पर तथा करकट उड़कर सड़कों पर आ गिरे. कई जगहों पर पेड़ और पौधे धराशायी हो गए, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों को नुकसान का सामना करना पड़ा.
गर्मी से राहत, लेकिन बिजली व्यवस्था हुई प्रभावित
पिछले कई दिनों से जिले में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. हालांकि आंधी-तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
आम की फसल को भारी नुकसान की आशंका
तेज हवाओं और बारिश का सबसे ज्यादा असर आम समेत अन्य फसलों पर पड़ा है. किसानों का कहना है कि पेड़ों से बड़ी संख्या में कच्चे और तैयार फल गिर गए हैं, जिससे आर्थिक नुकसान होने की आशंका है. कृषि आधारित परिवारों की चिंता बढ़ गई है.
प्रशासन की नजर, लोग कर रहे नुकसान का आकलन
आंधी-तूफान के बाद लोग अपने-अपने स्तर पर हुए नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं. कई स्थानों पर गिरे पेड़ों और क्षतिग्रस्त ढांचों को हटाने का काम भी शुरू किया गया. मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
