लंबे इंतजार के बाद सदर अस्पताल का आईसीयू फिर हुआ चालू, गंभीर मरीजों को अब जिले में ही मिलेगी सुविधा

लखीसराय सदर अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़ा ICU वार्ड आखिरकार फिर से चालू हो गया है. जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद गंभीर मरीजों के इलाज की राह आसान हो गई है. अब मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे जिलों में रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

लखीसराय. लंबे समय से बंद पड़े सदर अस्पताल के आईसीयू वार्ड को एक बार फिर चालू कर दिया गया है. सोमवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर आईसीयू के संचालन का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके इलाज, चिकित्सकीय व्यवस्था और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को अब इलाज के लिए दूसरे जिलों में रेफर करने की जरूरत कम होने की उम्मीद है.

डीएम ने भर्ती मरीजों से ली इलाज और सुविधाओं की जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की. उन्होंने मरीजों से इलाज की स्थिति, चिकित्सकों की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. डीएम ने अस्पताल में आईसीयू के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. इस मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. कुमार अमित और अस्पताल प्रबंधक नंदकिशोर भारती सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे.

उद्घाटन के बाद बंद पड़ा था आईसीयू, अब दोबारा शुरू हुआ संचालन

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में आईसीयू वार्ड का उद्घाटन होने के बाद इसका संचालन बंद हो गया था. अब इसे दोबारा चालू कर दिया गया है. पिछले दो-तीन दिनों से आईसीयू में मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के लिए चिकित्सकों की तैनाती भी कर दी गई है. इसके साथ ही अस्पताल में मरीजों के ऑपरेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.

गंभीर मरीजों को दूसरे जिलों में रेफर करने की जरूरत होगी कम

डीएम ने कहा कि जिला स्तर पर आईसीयू सुविधा का शुरू होना लखीसराय के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे पहले सदर अस्पताल में गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे जिलों में रेफर करना पड़ता था. अब सदर अस्पताल में ही गंभीर मरीजों को आईसीयू की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. इससे मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे जिलों तक जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है. समय पर इलाज मिलने से गंभीर मरीजों के लिए चिकित्सा सुविधा भी बेहतर होगी.

अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा

आईसीयू के निरीक्षण के साथ जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष जताया. अधिकारियों को अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया.

‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का लाभ लेने की अपील

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आम लोगों से बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से चलाए जा रहे ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जांच और उपचार की उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने को कहा.

इसे भी पढ़ें: कल का मौसम: 3 सितंबर को बिहार के 7 जिलों में जमकर होगी बारिश, अगले 72 घंटे कैसा रहेगा आपके जिले का हाल?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव मुरारी सिन्हा

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >