देवघर से लौट रही श्रद्धालुओं की बस पइन में गिरने से बची, हवा में लटके रहे यात्री

Lakhisarai Road Accident: देवघर से मुंडन संस्कार कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस गुरुवार की अहले सुबह लखीसराय में बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई. चालक को झपकी आने के कारण बस रेलिंग तोड़ते हुए मनसिंघा पइन के मुहाने तक पहुंच गई. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

लखीसराय से राजेश कुमार की रिपोर्ट

Lakhisarai Road Accident: लखीसराय के कवैया थाना क्षेत्र स्थित दालपट्टी मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. देवघर से मुंडन संस्कार कराकर समस्तीपुर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर मनसिंघा पइन की रेलिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गई. गनीमत रही कि बस पइन में गिरने से पहले ही रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सभी सुरक्षित हैं.

रेलिंग तोड़कर पइन के मुहाने पर रुकी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय दालपट्टी स्थित बंधन बैंक के समीप बस चालक को अचानक झपकी आ गई. तेज रफ्तार में चल रही बस पर से चालक का नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे मनसिंघा पइन की रेलिंग से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन बस पइन में गिरने के बजाय उसके मुहाने पर ही अटक गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि बस कुछ फीट और आगे बढ़ जाती तो वह सीधे पइन में गिर सकती थी, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था.

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अचानक हुए झटके से कई यात्री घबरा गए. हालांकि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए.

कवैया पुलिस ने दिखाई तत्परता

घटना की सूचना मिलते ही कवैया थाना की गश्ती पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.पुलिस प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उन्हें लखीसराय रेलवे स्टेशन पहुंचाया और समस्तीपुर जाने वाली ट्रेन में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया.

दुर्घटनाग्रस्त बस को पुलिस ने लिया कब्जे में

Lakhisarai Road Accident: हादसे के बाद कवैया थाना पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.

यात्रियों ने जताया आभार

सुरक्षित बचाए गए यात्रियों और उनके परिजनों ने संकट की घड़ी में त्वरित कार्रवाई करने के लिए लखीसराय पुलिस और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया. लोगों का कहना था कि समय रहते राहत कार्य नहीं होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी.

ALSO READ: मंडी में थमी उतार-चढ़ाव की रफ्तार, देखें मक्का, गेहूं और दालों के दाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >