Lakhisarai Red Run 2026: लखीसराय में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के निर्देश पर 16 जुलाई 2026 को 'रेड रन-2026' का आयोजन किया जाएगा. सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह पांच किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता सुबह 8:00 बजे गांधी मैदान से शुरू होगी. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एचआईवी, सुरक्षित व्यवहार और स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है.
तीन चरणों में आयोजित होगी प्रतियोगिता
रेड रन-2026 का आयोजन महाविद्यालय स्तर, जिला स्तर और राज्य स्तर पर किया जाएगा. जिला स्तरीय प्रतियोगिता 1 जुलाई से 22 जुलाई 2026 के बीच आयोजित की जा रही है. लखीसराय में इसका आयोजन 16 जुलाई को निर्धारित किया गया है. इसमें रेड रिबन क्लब के सदस्य, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट तथा विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे.
हर कॉलेज से 10 प्रतिभागियों का चयन
Lakhisarai Red Run 2026: सिविल सर्जन कार्यालय ने जिले के जीईसी कॉलेज, केएसएस कॉलेज, आर लाल कॉलेज, बीएनएम कॉलेज बड़हिया एवं महिला कॉलेज बड़हिया के प्राचार्यों को पत्र भेजकर प्रत्येक कॉलेज से पांच छात्र और पांच छात्राओं सहित कुल 10 प्रतिभागियों के नाम भेजने का निर्देश दिया है. प्रतिभागियों की सूची ईमेल dapculks@gmail.com या फिर व्हाट्सएप नंबर 9835082934 पर उपलब्ध कराने को कहा गया है.
जितेंद्र कुमार लाल बने नोडल पदाधिकारी
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार लाल को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. आयोजन से संबंधित किसी भी जानकारी या सहयोग के लिए उनसे मोबाइल नंबर 9835082934 पर संपर्क किया जा सकता है.
युवाओं को जागरूक करना है उद्देश्य
'रेड रन' राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की एक प्रमुख पहल है. इसका उद्देश्य युवाओं को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, सुरक्षित जीवनशैली और समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है. जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
