तीन-चार दिनों की बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, कीचड़ और जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त

लखीसराय में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

लखीसराय. जिले में पिछले तीन-चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. लगातार बारिश से शहर और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह कीचड़मय स्थिति उत्पन्न हो गयी है. लोगों को घर से निकलने और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है. निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं.

खेतों में पानी जमा होने से धान की फसल पर असर

लगातार हो रही बारिश का असर खेती पर भी दिखने लगा है. कई जगहों पर खेतों में पानी जमा होने से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. खासकर निचले खेतों और नदी किनारे की खेती करने वाले किसान परेशान हैं. किऊल नदी किनारे खेती करने वाले किसान त्रिभुवन सिंह ने बताया कि उनकी दो-तीन बीघा जमीन में धान की खेती है. लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भर गया है, जिससे धान की फसल को नुकसान हो रहा है.

समय पर रोपनी करने वाले किसानों को फिलहाल कम चिंता

किसानों के अनुसार जिन लोगों ने समय पर धान की रोपनी कर ली थी, उनके खेतों में पौधे अब काफी बड़े हो चुके हैं. ऐसे खेतों में फिलहाल अधिक नुकसान की स्थिति नहीं है.

हालांकि लगातार बारिश जारी रहने और खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने पर फसल को नुकसान हो सकता है. किसान मौसम सामान्य होने और खेतों से पानी निकलने का इंतजार कर रहे हैं.

बस स्टैंड परिसर में कीचड़, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

शहर में लगातार बारिश के कारण विद्यापीठ चौक स्थित बस स्टैंड परिसर पूरी तरह कीचड़मय हो गया है. यहां से यात्रा करने वाले लोगों को बस तक पहुंचने और परिसर में आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कीचड़ के कारण फिसलने की भी आशंका बनी रहती है. यात्रियों का कहना है कि बारिश के दिनों में बस स्टैंड परिसर की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी होती है.

इंग्लिश मोहल्ला के वार्ड 3 और 4 में जलजमाव

लगातार बारिश के कारण इंग्लिश मोहल्ला के वार्ड संख्या 3 और 4 में भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. वार्ड संख्या 3 के भोला टोला में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं. मोहल्ले की सड़कों और आसपास पानी जमा होने के कारण लोगों को घर आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. कई लोगों को घुटने भर पानी से होकर अपने घर तक पहुंचना पड़ रहा है.

बारिश थमने का इंतजार, जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कें, बस स्टैंड और निचले मोहल्लों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेतों में जमा पानी को लेकर चिंतित हैं. लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण कई इलाकों में जलजमाव की समस्या बार-बार उत्पन्न हो जाती है. फिलहाल शहरवासी और किसान बारिश कम होने तथा जलजमाव की स्थिति समाप्त होने का इंतजार कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

अजीत कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 28 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >