लखीसराय में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ, कैंसर से बचाव का दिया संदेश

Lakhisarai News: लखीसराय में विश्व तंबाकू निषेध दिवस सप्ताह के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति की शपथ ली. डॉक्टरों और सामाजिक संगठनों ने तंबाकू के खतरों को लेकर ऐसा संदेश दिया, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया.

लखीसराय से राजीव सिन्हा की रिपोर्ट.

Lakhisarai News: विश्व तंबाकू निषेध दिवस सप्ताह के तहत शुक्रवार को शहर के पुरानी बाजार स्थित महिला विद्या मंदिर प्लस टू उच्च विद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. रेड क्रॉस सोसाइटी और रोटरी क्लब लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने की शपथ ली. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी ने की.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई शुरुआत

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सह शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ रामानुज प्रसाद सिंह, विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार भारती, प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी और संगीत शिक्षिका ज्योत्स्ना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में जागरूकता का माहौल देखने को मिला.

डॉक्टर ने बताए तंबाकू के खतरनाक दुष्प्रभाव

मुख्य अतिथि डॉ रामानुज प्रसाद सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खैनी, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, हुक्का और ई-सिगरेट जैसे उत्पाद सिर्फ सेवन करने वाले व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों को भी नुकसान पहुंचाते हैं. उन्होंने बताया कि धूम्रपान का असर गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु पर भी पड़ता है, जिससे कई गंभीर बीमारियों और विकलांगता का खतरा बढ़ जाता है.

कैंसर और मानसिक बीमारियों का बढ़ता खतरा

डॉ सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन से मुंह और फेफड़े का कैंसर, ब्रोंकाइटिस, लीवर की बीमारी, आंखों की रोशनी में कमी और मानसिक समस्याएं हो सकती हैं. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं.

छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई. सभी ने संकल्प लिया कि वे खुद नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे.

गीत के जरिए दिया गया जागरूकता संदेश

संगीत शिक्षिका ज्योत्स्ना ने “नशा न करना, बच के रहना, होगी बड़ी खराबी” गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष माहौल बना दिया. उनके गीत को छात्रों और शिक्षकों ने खूब सराहा.

सामाजिक संगठनों की पहल की सराहना

विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार भारती ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी और रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाना है. कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक कुमार गौरव, कंचन कुमारी, अनिल कुमार, रामनिवास वर्मा और नीलू कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

Also Read: आज सिंगापुर जायेंगे लालू प्रसाद, कोर्ट से मिला परमिशन, 2022 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >