लखीसराय में ड्यूटी पर निकले रेलकर्मी का बहियार में मिला शव, इलाके में सनसनी

Lakhisarai News: लखीसराय में रात में घर से निकले थे रेलवे कर्मचारी, सुबह खेत में मिला शव

Lakhisarai News: कजरा (लखीसराय) से सुनील कुमार की रिपोर्ट: लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गयी, जब श्रीघना बहियार में एक रेलकर्मी का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया. मृतक की पहचान 55 वर्षीय ड्राइवर पासवान के रूप में हुई है, जो रेलवे के मालदा डिवीजन में सिग्नल विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे. घटना की खबर फैलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये.

रात में ड्यूटी के लिए निकले थे घर से

परिजनों के अनुसार ड्राइवर पासवान बुधवार की रात करीब नौ बजे घर से ड्यूटी जाने की बात कहकर निकले थे. उनकी पत्नी रामदुलारी देवी ने बताया कि रेलवे कार्यालय से नोटिस आने के बाद वे ड्यूटी पर लौटने की तैयारी में थे.

उन्होंने परिवार से कहा था कि अब ड्यूटी पर जाना जरूरी है. किसी को यह अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी विदाई साबित होगी. सुबह जब उनके शव मिलने की खबर आयी तो परिवार में चीख-पुकार मच गयी.

कई महीनों से चल रहे थे बीमार

परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि ड्राइवर पासवान पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे. बीमारी के कारण वे करीब पांच से छह महीने से नियमित ड्यूटी नहीं जा पा रहे थे. गांव के लोग उन्हें शांत और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति बताते हैं.

मृतक अपने पीछे पत्नी रामदुलारी देवी, 25 वर्षीय बेटा मिथलेश कुमार पासवान और 13 वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी को छोड़ गये हैं. पिता की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है.

घर से एक किलोमीटर दूर मिला शव

गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर श्रीघना बहियार में शव पड़ा देखा. इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गयी. घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कजरा थाना अध्यक्ष आशीष कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया है.

थाना अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

Also Read: एलपीजी गैस सब्सिडी को लेकर आया नया नियम, आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया तो बंद होगी सब्सिडी, जानें लास्ट डेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >