NCC Achievement: पीरीबाजार (लखीसराय). इंटरनेशनल कॉलेज, घोसैठ के एनसीसी कैडेट एवं 9 बिहार बटालियन, बरौनी (भागलपुर ग्रुप) के सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) रवि कुमार का चयन इंटर डायरेक्टोरेट स्पोर्ट्स शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है. उनके चयन की सूचना मिलते ही कॉलेज, एनसीसी इकाई और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
आरडीसी के बाद मिली दूसरी राष्ट्रीय उपलब्धि
रवि कुमार इससे पहले गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी)-2026 के लिए भी चयनित हो चुके हैं. उन्होंने नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में बिहार-झारखंड निदेशालय का प्रतिनिधित्व किया था. अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है.
पीप साइट जर्मन राइफल स्पर्धा में लेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता में रवि कुमार पीप साइट जर्मन राइफल स्पर्धा की प्रोन (लेटकर निशानेबाजी) श्रेणी में भाग लेंगे. एनसीसी में उनके अनुशासन, समर्पण और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए अधिकारियों ने उनसे बेहतर प्रदर्शन और पदक की उम्मीद जताई है.
मुंगेर के बेटे ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
रवि कुमार मूल रूप से मुंगेर जिले के औड़ा बगीचा निवासी विनय कुमार एवं नमिता कुमारी के पुत्र हैं. उनकी इस उपलब्धि से लखीसराय और मुंगेर दोनों जिलों में खुशी का माहौल है.
कॉलेज और एनसीसी अधिकारियों ने दी बधाई
NCC Achievement: इंटरनेशनल कॉलेज, घोसैठ के सचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने रवि कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कठिन परिश्रम और लगन से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. महाविद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु प्रसाद, सीटीओ आकाश कुमार, 9 बिहार बटालियन के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं. सभी ने विश्वास जताया कि रवि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बिहार एवं झारखंड निदेशालय के लिए पदक जीतेंगे.
