बिहार संग्रहालय की तर्ज पर विकसित होगा लखीसराय संग्रहालय, डीएम ने दिए हाईटेक सुविधाएं बहाल करने के निर्देश

Lakhisarai News : लखीसराय के बालगुदर स्थित संग्रहालय को अब बिहार संग्रहालय की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. डीएम शैलेंद्र कुमार ने निरीक्षण कर इसे हाईटेक, बहुआयामी और पर्यटन आकर्षण केंद्र बनाने के निर्देश दिए हैं.

Lakhisarai News : लखीसराय के बालगुदर स्थित संग्रहालय का बुधवार शाम जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संग्रहालय की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संग्रहालय अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार के साथ समीक्षा बैठक कर इसे आधुनिक, आकर्षक और पर्यटकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने पर चर्चा की.

बिहार संग्रहालय की तर्ज पर होगा विकास

डीएम ने कहा कि लखीसराय संग्रहालय को राज्य के प्रमुख बिहार संग्रहालय की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. इसका उद्देश्य स्थानीय इतिहास, संस्कृति और पुरातात्विक धरोहरों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना और जिले में पर्यटन को बढ़ावा देना है.

लाइट एंड साउंड शो से लेकर आर्ट गैलरी तक होगी सुविधा

समीक्षा बैठक में डीएम ने संग्रहालय में आधुनिक आर्ट गैलरी, लाइट एंड साउंड शो, रेस्टोरेंट, सॉवेनियर एवं गिफ्ट शॉप जैसी सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया. साथ ही बालगुदर क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को ऑडियो-वीडियो आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया.

बच्चों के लिए बनेगी लर्निंग एंड वॉचिंग गैलरी

डीएम ने निर्देश दिया कि बच्चों के लिए नई दिल्ली के बाल भवन की तर्ज पर 'लर्निंग एंड वॉचिंग गैलरी' विकसित की जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को इतिहास और संस्कृति से रोचक तरीके से परिचित कराया जा सके. इसके अलावा पौराणिक और ऐतिहासिक मूर्तियों को आधुनिक डिस्प्ले तकनीक के साथ प्रदर्शित करने की भी योजना बनाने को कहा.

स्थानीय विरासत को मिलेगा बढ़ावा

गिफ्ट शॉप में श्रृंगी ऋषि धाम के चित्रों और स्थानीय कलाकृतियों की प्रतिकृतियां उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव रखा गया, जिससे स्थानीय कला और संस्कृति को नई पहचान मिल सके.

टिकट व्यवस्था और प्रशिक्षित गाइड होंगे तैनात

आगंतुकों की सुविधा और संग्रहालय के बेहतर संचालन के लिए टिकट शुल्क लागू करने, प्रशिक्षित गाइड नियुक्त करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास करने के निर्देश दिए गए. डीएम ने संग्रहालय अध्यक्ष को विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर राज्य सरकार को स्वीकृति एवं अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि लखीसराय संग्रहालय को भविष्य में एक हाईटेक, बहुआयामी और पर्यटन आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे जिले की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >