लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट.
Lakhisarai Municipal Election: अनुमंडल कार्यालय सभागार में सशक्त स्थायी कमेटी चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान काफी हलचल देखने को मिली. तीन पदों के लिए कुल छह वार्ड पार्षदों ने अपना नामांकन दाखिल किया है. नामांकन के बाद अब चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है. अनुमंडल कार्यालय परिसर में दिनभर वार्ड पार्षदों और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही.
तीन पदों के लिए छह प्रत्याशी मैदान में
जानकारी के अनुसार पूर्व के तीन सदस्य सुरेंद्र मंडल, सुनैना देवी और शबनम बानो ने एक बार फिर अपनी दावेदारी पेश की है. वहीं नए चेहरों में सोनी की पत्नी मंजू देवी, डॉ संतोष कुमार और चंदन कुमार की पत्नी शबनम कुमारी ने भी नामांकन दाखिल किया है. इस तरह कुल छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर चुके हैं.
नामांकन के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अनुमंडल कार्यालय परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म दिखा. प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय नजर आए. वार्ड पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने और रणनीति बनाने का दौर भी चलता रहा.
32 वार्ड पार्षद करेंगे मतदान
नगर परिषद के कुल 33 वार्डों में से 32 वार्ड पार्षद मतदान में हिस्सा लेंगे. जानकारी के अनुसार वार्ड पार्षद आरती देवी की सदस्यता रद्द होने के कारण वे मतदान नहीं कर सकेंगी. ऐसे में अब 32 मतों के आधार पर सशक्त स्थायी कमेटी के सदस्यों का चयन होगा.
नामांकन के बाद होगी स्क्रूटनी और नाम वापसी
निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रभाकर कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे तक कुल छह नामांकन प्राप्त हुए हैं. नामांकन के बाद स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके बाद सभी वार्ड पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
चुनाव को लेकर नगर परिषद में बढ़ी चर्चा
सशक्त स्थायी कमेटी को नगर परिषद के महत्वपूर्ण फैसलों में अहम भूमिका निभाने वाली समिति माना जाता है. यही वजह है कि इस चुनाव को लेकर वार्ड पार्षदों के बीच सक्रियता बढ़ गई है. नगर परिषद क्षेत्र में भी चुनावी चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजर आगामी मतदान पर टिकी हुई है.
