Lakhisarai Network Dark Spots: लखीसराय. जिले के दूरस्थ एवं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. बुधवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों और दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के बाद डीएम के नेतृत्व में अधिकारियों और बीएसएनएल की तकनीकी टीम ने चिह्नित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण भी किया.
आठ क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या चिन्हित
समीक्षा के दौरान जिले के कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति कमजोर या पूरी तरह बाधित पाई गई. सूर्यगढ़ा प्रखंड के हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम, मोरवे डैम के मध्य क्षेत्र और लठिया भैरो टोला को नेटवर्क डार्क स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है.
वहीं चानन प्रखंड के सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी और राजघाट कोल क्षेत्र को भी डार्क स्पॉट की सूची में शामिल किया गया है.
चानन के चार इलाकों में जल्द लगेंगे मोबाइल टावर
प्रशासन के अनुसार चानन प्रखंड के सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी और राजघाट कोल में मोबाइल टावर स्थापित करने की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है. इन क्षेत्रों में जल्द ही टावर निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा.
अन्य क्षेत्रों के लिए होगा संयुक्त सर्वे
सूर्यगढ़ा प्रखंड के चिह्नित क्षेत्रों में टावर लगाने के लिए जिला प्रशासन, दूरसंचार मंत्रालय, बीएसएनएल, एयरटेल और जियो की संयुक्त टीम सर्वे करेगी. सर्वे के दौरान ऐसी जगह का चयन किया जाएगा, जहां से अधिकतम आबादी को बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सके.
डीएम ने मौके पर जाकर परखी नेटवर्क स्थिति
बैठक के तुरंत बाद डीएम शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम, मोरवे डैम और लठिया भैरो टोला का निरीक्षण किया. इस दौरान बीएसएनएल की तकनीकी टीम ने विभिन्न स्थानों पर नेटवर्क फ्रीक्वेंसी और तकनीकी उपयुक्तता की जांच की.
कागजी और भू-अर्जन प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को टावर निर्माण से जुड़ी कागजी प्रक्रिया और भू-अर्जन संबंधी कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत होने से ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं, शिक्षा, सरकारी योजनाओं और अन्य डिजिटल सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा.
ये अधिकारी रहे मौजूद
Lakhisarai Network Dark Spots: समीक्षा बैठक और स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडलाधिकारी प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, बीएसएनएल के जेटीओ अनीश कुमार, ग्रामीण दूरसंचार विभाग पटना के निदेशक सत्येश कुमार सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद रहे.
