तीन दिन से लापता 10 वर्षीय पाताल कुमार का शव बरामद, गांव में पसरा मातम

लखीसराय के गोहरी कमियांपुर बेलदरिया गांव से तीन दिन पहले लापता हुए 10 वर्षीय पाताल कुमार का शव बुधवार को बरामद किया गया. जलस्तर घटने के बाद बांसबिट्टी में फंसे मिले शव से परिजनों में मातम पसर गया है.

Missing Child: चानन (लखीसराय). प्रखंड के बन्नू बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोहरी कमियांपुर बेलदरिया गांव से तीन दिन पहले लापता हुए 10 वर्षीय पाताल कुमार का शव बुधवार को बरामद किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जलस्तर घटने के बाद मिली सफलता

स्थानीय लोगों के अनुसार कुंदर बराज का जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने जलमग्न क्षेत्रों में खोज अभियान चलाया. इसी दौरान गांव के समीप स्थित एक बांसबिट्टी में बच्चे का शव फंसा हुआ मिला. इसके बाद तत्काल बन्नू बगीचा थाना पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही एसआई मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की आगे की जांच की जा रही है.

प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा

Missing Child: अंचलाधिकारी रवि कुमार ने मृतक के पिता लाल बिंद से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष के तहत मिलने वाली सभी सरकारी सहायता और मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी.

कबीर अंत्येष्टि योजना से मिलेगी सहायता

स्थानीय मुखिया रवि चंद्र भूषण ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. मासूम का शव गांव पहुंचने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीण भी परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Pintu Pranav

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >