बड़हिया, लखीसराय से शशिकांत मिश्रा की रिपोर्ट.
Lakhisarai Mining Raid: बड़हिया थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ चलाये गये अभियान के दौरान मंगलवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ज्वास गांव में छापेमारी कर तीन ट्रैक्टर जब्त किये थे, लेकिन लखीसराय ले जाते समय बालगुदर इलाके में ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और तीनों ट्रैक्टर जबरन छुड़ाकर फरार हो गयी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
गुप्त सूचना पर हुई थी छापेमारी
जानकारी के अनुसार खनन विभाग को सूचना मिली थी कि ज्वास गांव में अवैध तरीके से मिट्टी की कटाई की जा रही है.
सूचना के आधार पर माइनिंग विभाग की टीम बड़हिया थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की. कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में लगे तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया.
बालगुदर में पुलिस वाहन को घेरा
बताया जाता है कि जब पुलिस और माइनिंग टीम जब्त ट्रैक्टरों को लेकर लखीसराय जा रही थी, तभी बालगुदर इलाके में पहले से मौजूद ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया.
अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी. इसी दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी और अज्ञात लोग पुलिस कब्जे से तीनों ट्रैक्टर छुड़ाकर लेकर फरार हो गये.
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी. हालांकि बाद में पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया.
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को भी सतर्क कर दिया गया. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
खनन पदाधिकारी कुमार रंजन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों और अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
उन्होंने साफ कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस अब ट्रैक्टर छुड़ाकर भागने वाले लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में जुट गयी है.
