Lakhisarai Heatwave Alert: लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट. लखीसराय में भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. शनिवार की सुबह 7 बजे से ही कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी का असर दिखने लगा. लोग सुबह-सुबह ही अपने जरूरी काम निपटाने में जुट गये ताकि दोपहर की तपिश से बच सकें. मौसम विभाग के अनुसार आज जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जबकि उमस के कारण लोगों को और ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है.
सुबह से ही सड़कों पर दिखा गर्मी का असर
शनिवार की सुबह सूरज निकलते ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया. बाजारों, सरकारी कार्यालयों और सड़कों पर लोग जल्दी-जल्दी अपने काम निपटाते नजर आए. कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारी भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए जल्द काम पूरा कर अपने गंतव्य की ओर रवाना होने लगे.
दोपहर होते-होते गर्म हवाओं और उमस ने स्थिति और कठिन बना दी. शहर में दोपहर के समय सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली.
40 डिग्री पार पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. विशेषज्ञों का मानना है कि उमस बढ़ने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान इससे अधिक महसूस हो सकता है.
अगले सप्ताह के अंतिम दिनों में बारिश की संभावना जतायी गयी है, लेकिन फिलहाल तेज धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं.
डॉक्टरों ने जारी की एडवाइजरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासकर सांस के मरीजों और बुजुर्गों को अलर्ट मोड में रहने की सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं से डीहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है.
लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, ग्लूकोज, नींबू पानी, शरबत और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गयी है. साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गयी है.
Also Read: Patna News: इबोला वायरस को लेकर राजधानी के अस्पतालों में अलर्ट, गाइडलाइन का इंतजार
