Lakhisarai Weather Update : रविवार की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई. सुबह से ही धूप का असर तेज रहा और दिन चढ़ने के साथ उमस भी बढ़ने लगी. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिससे धूप का प्रभाव बना रहेगा. शाम के समय हल्के बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.
शनिवार का पूर्वानुमान नहीं हुआ सही साबित
शनिवार को भी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन पूरे दिन बारिश नहीं हुई. इसके कारण लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. रविवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है. बारिश की संभावना कम होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नहीं है.
35 डिग्री तापमान और 90 प्रतिशत आर्द्रता बढ़ाएगी परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं सुबह के समय आर्द्रता 90 प्रतिशत तक रहने से उमस काफी अधिक महसूस होगी. तापमान और नमी का यह मिश्रण लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है.
गर्मी से बचाव के लिए बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को धूप में निकलते समय गमछा, टोपी या छाता का उपयोग करने की सलाह दी है. बाहर से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीने से बचने और गर्म भोजन करने के तुरंत बाद पानी नहीं पीने की भी सलाह दी गई है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें, ताकि गर्मी और उमस के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रहा जा सके.
