जीविका की बड़ी पहल, चार प्रखंडों में शुरू हुए कॉमन सर्विस सेंटर, अब गांव में मिलेंगी 25 से अधिक सरकारी सेवाएं

लखीसराय में जीविका परियोजना के तहत 4 कॉमन सर्विस सेंटर खुले। अब दीदियां चलाएंगी केंद्र, ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी 25 से ज्यादा सरकारी सुविधाएं।

CSC Center: लखीसराय. ग्रामीण विकास विभाग की जीविका परियोजना के तहत मंगलवार को जिले के लखीसराय सदर, रामगढ़ चौक, सूर्यगढ़ा और हलसी प्रखंड में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का शुभारंभ किया गया. ये केंद्र दीदी अधिकार केंद्र के तहत संचालित होंगे और ग्रामीण महिलाओं के साथ-साथ आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करायेंगे.

चार प्रखंडों में शुरू हुए सेवा केंद्र

सूर्यगढ़ा में सफल जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, लखीसराय सदर में लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, रामगढ़ चौक में उपकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड तथा हलसी में अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड द्वारा इन केंद्रों का संचालन किया जायेगा.उद्घाटन समारोह में जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी, चारों सहकारी समितियों की अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

एक ही छत के नीचे मिलेंगी 25 से अधिक सेवाएं

CSC Center: कॉमन सर्विस सेंटर पर ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, जॉब कार्ड, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड, छात्रवृत्ति आवेदन, आधार नामांकन एवं अपडेट, बैंक खाता खोलना, जमा-निकासी, राशि स्थानांतरण, ऑनलाइन आवेदन, कृषि यंत्रों की बुकिंग तथा ग्रामीण उत्पादों के ऑनलाइन पंजीकरण सहित 25 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.इसके अलावा महिलाओं को सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी भी दी जायेगी.

ग्रामीणों का समय और खर्च दोनों बचेंगे

जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने कहा कि जीविका का उद्देश्य प्रत्येक दीदी को डिजिटल रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है. इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी, जबकि जीविका दीदियों को रोजगार का नया अवसर भी मिलेगा.

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम

लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड की अध्यक्ष पिंकी देवी ने कहा कि दीदी अधिकार केंद्र अब केवल शिकायत निवारण केंद्र नहीं, बल्कि बहुउद्देश्यीय सेवा केंद्र बन गया है. इससे ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >