लखीसराय में जमीन विवाद में मुखिया पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Lakhisarai Crime News: लखीसराय में पारिवारिक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पंचायत के मुखिया पर उनके ही भाइयों और परिजनों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट.

Lakhisarai Crime News: लखीसराय में मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के अबगिल रामपुर पंचायत में मंगलवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर बड़ा हिंसक घटनाक्रम सामने आया. पंचायत के मुखिया मोहम्मद कलीम पर उनके ही सगे भाइयों और परिजनों ने कथित रूप से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल मुखिया को पहले सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल लखीसराय रेफर कर दिया गया.

पारिवारिक जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार मुखिया मोहम्मद कलीम और उनके भाइयों के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार शाम करीब छह बजे उनकी दो बहनें इटावा से बीमार मां से मिलने घर पहुंचीं. आरोप है कि परिजनों ने बहनों के आने का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया.

बीच-बचाव करने पहुंचे मुखिया पर हमला

परिजनों के बीच हो रहे विवाद और बहनों की चीख-पुकार सुनकर मुखिया मोहम्मद कलीम मौके पर पहुंचे. आरोप है कि इसी दौरान उनके भाइयों और अन्य परिजनों ने उन पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि लोहे की वस्तु से उनके चेहरे और नाक पर कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.

सीने और चेहरे पर आई गंभीर चोटें

हमले में मुखिया के सीने पर भी गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल ले गए. फिलहाल वहां उनका इलाज चल रहा है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

इलाके में बनी तनाव की स्थिति

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पंचायत स्तर पर भी इस हमले को लेकर चिंता जताई जा रही है.

पुलिस ने क्या कहा

मेदनी चौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि भाइयों के बीच आपसी विवाद में मारपीट की घटना हुई है. उन्होंने कहा कि अब तक थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पारिवारिक विवाद बना बड़ी घटना की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था. मंगलवार की घटना ने इस विवाद को हिंसक मोड़ दे दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

Also Read: Gaya Ji News: इमामगंज में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >