39 वर्षों के इंतजार के बाद केंद्रीय विद्यालय को मिला अपना भवन

39 वर्षों के इंतजार के बाद केंद्रीय विद्यालय को मिला अपना भवन

किऊल खगौर में शुरू हुआ नया शैक्षणिक सत्र, अब जिले में ही मिल सकेगी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा

लखीसराय. जिले के किऊल खगौर स्थित केंद्रीय विद्यालय में बुधवार एक अप्रैल से नये सत्र 2026-27 की पढ़ाई शुरू हो गयी है. लगभग 39 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद केंद्रीय विद्यालय को अपना निजी भवन नसीब हुआ है. तत्कालीन डीएम संजय कुमार सिंह के अथक प्रयासों से किऊल नदी के किनारे पांच एकड़ जमीन केंद्रीय विद्यालय संगठन, दिल्ली के नाम हस्तांतरित की गयी थी, जिसके बाद अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन का निर्माण पूर्ण किया गया. नये परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए सुसज्जित क्लास रूम, स्टडी रूम, प्ले हॉल, छात्रावास और समृद्ध पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. साथ ही शिक्षकों के लिए आवास, शिक्षक कक्ष और प्राचार्य कक्ष का भी निर्माण किया गया है.

अब इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध

पूर्व में जगह के अभाव के कारण इस विद्यालय में 11वीं और 12वीं की पढ़ाई नहीं हो पाती थी. सीबीएसई बोर्ड से उच्च शिक्षा की सुविधा न होने के कारण स्थानीय विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. अपना भवन मिलने के साथ ही अब विद्यालय प्रबंधन ने 11वीं कक्षा में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अगले वर्ष से 12वीं की पढ़ाई भी प्रारंभ हो जायेगी. विद्यालय प्रशासन अब विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और अनुशासित शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह सक्रिय मोड में आ चुका है.

पुल निर्माण से सुगम होगी लोगों की राह

किऊल नदी पर आरसीसी पुल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है. इस पुल के तैयार होने से नया व पुराना बाजार के बीच आवागमन सुगम हो जायेगा. इससे न केवल छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, बल्कि परिसर में रहने वाले शिक्षकों के लिए भी बाजार व अन्य सुविधाएं सुलभ हो जायेंगी.

नये भवन में पहुंचे जिलाधिकारी, दी शुभकामनाएं

नये सत्र के पहले दिन बुधवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने विद्यालय का भ्रमण किया. उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों को नये भवन की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य मिहिर कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया.

कहते हैं प्राचार्य

प्रभारी प्राचार्य मिहिर कुमार ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति में नये सत्र की शुरुआत की गयी है. इस सत्र से इंटरमीडिएट की पढ़ाई का विकल्प भी छात्रों को मिल रहा है, जिसके लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है. विद्यालय का अपना भवन मिलना जिले के शैक्षणिक विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >