Kanwar Yatra : सावन के पवित्र महीने में पूरा इलाका शिवभक्ति में डूबा हुआ है. इसी क्रम में रविवार को नगर के वार्ड संख्या 7 से कांवड़ियों का एक बड़ा जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए रवाना हुआ. निजी शिक्षक चंदन कुमार के नेतृत्व में निकली कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. यात्रा के दौरान बोलबम के जयघोष और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
जगदम्बा मंदिर से शुरू हुई कांवड़ यात्रा
कांवड़ यात्रा की शुरुआत नगर स्थित जगदम्बा मंदिर से हुई. हाथों में कांवड़ लिए श्रद्धालु बोलबम के जयघोष, ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ नगर का भ्रमण करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे. इसके बाद सभी श्रद्धालु ट्रेन से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए. सुल्तानगंज पहुंचकर कांवरिये उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल भरेंगे और पैदल बाबा वैद्यनाथ धाम की ओर प्रस्थान करेंगे.
यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के श्रद्धालु शामिल हुए. सभी शिवभक्त तन-मन से भोलेनाथ की आराधना में लीन नजर आये. कांवड़ियों के जयघोष से रास्ते भर माहौल शिवमय बना रहा.
30 वर्षों से बाबा धाम की यात्रा कर रहे चंदन कुमार
कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे वार्ड संख्या 7 निवासी निजी शिक्षक चंदन कुमार की भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था है. वे करीब 30 वर्षों से लगातार देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम की यात्रा करते आ रहे हैं.
चंदन कुमार की भक्ति की खास बात यह है कि वे हर वर्ष अपनी कांवड़ स्वयं तैयार करते हैं. कांवड़ को आकर्षक और सुसज्जित बनाने में उनके बच्चे भी सहयोग करते हैं. इस वर्ष भी उनकी कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही.
गंगाजल से करेंगे बाबा वैद्यनाथ का जलाभिषेक
श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचेगा. वहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की जायेगी. वर्षों से चली आ रही इस कांवड़ यात्रा ने एक बार फिर नगर में आस्था और भक्ति का माहौल बना दिया है.
