हलसी (लखीसराय) : हलसी थाना क्षेत्र के कैंदी गांव के बहियार में रविवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर 10 लीटर देसी शराब बरामद की. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गये.
सूचना पर पहुंची पुलिस, मौके से शराब बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंदी गांव के बहियार में अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण, बिक्री और भंडारण किया जा रहा है. सूचना के आधार पर एएसआई पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की.
पुलिस को देखते ही संदिग्ध लोग मौके से भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें 10 लीटर देसी शराब बरामद हुई. शराब को जब्त कर थाना लाया गया है.
फरार कारोबारियों की पहचान में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि कैंदी बहियार में कार्रवाई कर 10 लीटर देसी शराब जब्त की गयी है. फरार कारोबारियों की पहचान की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या निर्माण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
