एचआईवी को लेकर समाज में फैले भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक : सीएस

सदर अस्पताल के सभागर में सिविल सर्जन डॉ जयप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एचआईवी या एड्स व सामाजिक सुरक्षा को लेकर संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया

-साथ बैठना, हाथ मिलाने या भोजन साझा करने से नहीं फैलता है एचआईवी

-सदर अस्पताल में आयोजित हुआ एचआईवी/एड्स एवं सामाजिक सुरक्षा विषय पर एक संवेदीकरण कार्यक्रम

लखीसराय

सदर अस्पताल के सभागर में सिविल सर्जन डॉ जयप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एचआईवी या एड्स व सामाजिक सुरक्षा को लेकर संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा मरीजों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी प्रदान करना था. सिविल सर्जन डॉ. सिंह ने एचआईवी के कारण, लक्षण, संक्रमण के तरीकेके बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एचआईवी एक संक्रामक रोग है, जो असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के प्रयोग, संक्रमित रक्त चढ़ाने तथा संक्रमित माता से शिशु में फैल सकता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामान्य संपर्क जैसे साथ बैठना, हाथ मिलाना या भोजन साझा करने से एचआईवी नहीं फैलता. समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव न हो. बैठक में एचआईवी एवं एड्स अधिनियम, 2017 के प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया. इस अधिनियम के अंतर्गत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को गोपनीयता का अधिकार, उपचार का अधिकार तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव से संरक्षण प्रदान किया गया है. इसके अतिरिक्त केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सुविधा तथा निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाओं के संबंध में भी जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभायी तथा जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया. मौके पर संचारी रोग पदाधिकारी सह जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ श्री निवास शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार, एड्स नियंत्रण पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >