भविष्य में सिविल ड्रेस में महिला पुलिस बल की होगी तैनाती: एसपी

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित बुधवार को बड़हिया थाना पहुंचे, जहां थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं को सुने

-बड़हिया थाना में एसपी ने लगाया जनता दरबार -जाम, जमीन विवाद और महिला सुरक्षा पर दिये ठोस निर्देश बड़हिया. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित बुधवार को बड़हिया थाना पहुंचे, जहां थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं को सुने. सभी फरियादियों की बात सुनी और कई मामलों में मौके पर ही समाधान का प्रयास किया. साथ ही शेष मामलों में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह को स्पष्ट निर्देश दिये. जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी मारपीट, रास्ता अवरोध, अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम सहित कई तरह के मामले सामने आये. एसपी ने बताया कि अधिकतर आवेदन जमीन विवाद से जुड़े थे. ऐसे मामलों में जहां पुलिस स्तर से निराकरण संभव था, वहां दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर समस्या का समाधान कराया गया. बड़हिया में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को लेकर एसपी ने कहा कि यह एक जटिल समस्या है, जिसका मूल कारण संकीर्ण सड़क है. यह समस्या दीर्घकालिक योजना से ही पूरी तरह समाप्त हो सकती है. हालांकि, आम लोगों को तत्काल राहत देने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अस्थायी उपाय किये जायेंगे. इसके तहत ट्रैफिक नियंत्रण के लिए अतिरिक्त और डेडिकेटेड मैनपावर की तैनाती की जायेगी. साथ ही स्थायी ट्रैफिक चेक पोस्ट बनायें जायेंगे, ताकि जाम की स्थिति बनते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कर सके. महिला सुरक्षा को लेकर पूछे गये सवाल पर एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि बड़हिया स्थित प्रसिद्ध जगदंबा मंदिर में मंगलवार और शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में चेन स्नैचिंग और महिलाओं से जुड़े अपराधों की आशंका बनी रहती है. इसे ध्यान में रखते हुए इन दिनों विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गयी है. भविष्य में सिविल ड्रेस में महिला पुलिस बल की भी तैनाती की जायेगी. एसपी ने जिले की पुलिसिंग व्यवस्था पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि लखीसराय जिले में यातायात, महिला व एसएसएसटी सहित कुल 18 थाना कार्यरत हैं. जिलाधिकारी अपने स्तर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन भी प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार आगे भी सहयोग करता रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev murarai sinha sinha

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >